कानपुर में हाल ही में सामने आए किडनी रैकेट के सनसनीखेज खुलासे के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में कानपुर महानगर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को एक विस्तृत मांगपत्र सौंपते हुए पूरे मामले पर गहरी चिंता और आक्रोश व्यक्त किया।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल सीएमओ कार्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने विरोध दर्ज कराते हुए इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इस प्रकार का अमानवीय कृत्य न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाता है।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि किडनी रैकेट जैसी घटनाएं समाज के लिए बेहद चिंताजनक हैं और इससे आम जनता का विश्वास स्वास्थ्य व्यवस्था से उठता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना मानकों और नियमों के संचालित हो रहे निजी अस्पताल और नर्सिंग होम आम लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं और आर्थिक शोषण कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने बिठूर क्षेत्र में अवैध नर्सिंग होम में हुई एक बच्ची की मौत का मामला भी उठाया और इसे प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण बताया। उन्होंने मांग की कि किडनी रैकेट में शामिल सभी दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए।
मांगपत्र में स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई, शहर के सभी निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम्स की व्यापक जांच, पीड़ितों को मुआवजा व चिकित्सा सहायता और सरकारी अस्पतालों के बाहर सक्रिय दलालों पर रोक लगाने की मांग भी शामिल है।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी जनहित में बड़ा आंदोलन करेगी। वहीं, सीएमओ ने पूरे मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
किडनी रैकेट पर कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएमओ को सौंपा ज्ञापन