कानपुर। थाना शिवराजपुर क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आर्थिक तंगी से परेशान एक युवक ने गंगा पुल से नदी में कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया। हालांकि, स्थानीय लोगों की बहादुरी और पुलिस की तत्परता ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया।
प्राप्त जनकारी के अनुसार, दिनांक 31 मार्च 2026 को थाना शिवराजपुर पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गंगा पुल से नदी में कूद गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जांच के दौरान पता चला कि घनश्याम शर्मा (35 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र शर्मा, निवासी कानपुर नगर, लंबे समय से आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे थे। मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह खतरनाक कदम उठाया। घटना स्थल पर मौजूद नरेश पुत्र सरजू प्रसाद, अवधेश पुत्र गंगाराम और रवि पुत्र रंजनलाल ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए गंगा नदी में छलांग लगा दी। तीनों ने मिलकर डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचा ली। स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद वह पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ पाया गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों को बुलाकर पुलिस ने उन्हें समझाया और घनश्याम शर्मा को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस द्वारा नरेश, अवधेश और रवि को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। क्षेत्र में इस बहादुरी की खूब सराहना हो रही है और लोगों ने इसे मानवता की मिसाल बताया है।
एक बार फिर साबित हुआ—इंसानियत जिंदा है, बस जरूरत है आगे बढ़कर हाथ बढ़ाने की।
गंगा पुल पर जिंदगी की जंग: मौत के मुंह से खींच लाए तीन जांबाज़, पुलिस ने निभाई अहम भूमिका