शादी में गया था परिवार, मसवानपुर में चोरों ने तोड़ी अलमारियां
कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र के मसवानपुर इलाके में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए सूने घर को निशाना बना डाला। परिवार के शादी समारोह में लखनऊ जाने का फायदा उठाकर चोरों ने घर में घुसकर लाखों के जेवरात और नकदी पार कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने लखनऊ गया हुआ था। रविवार को जब परिवार वापस लौटा, तो घर के ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर का नजारा देख परिवार सन्न रह गया—अलमारियां टूटी हुई थीं और सारा सामान बिखरा पड़ा था, जबकि जेवरात और नकदी गायब थी।
पीड़ितों का दावा है कि चोर करीब 35 से 40 लाख रुपये के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर को निशाना बनाया और देर शाम वारदात को अंजाम दिया।
सूचना मिलते ही रावतपुर थाना प्रभारी कमलेन्द्र राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित पक्ष से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया माल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।