कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में एल्डिगो के पास स्थित नहर में रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले और रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर जैसे ही पानी में उतराते शव पर पड़ी, मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान नहीं हो सकी, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस द्वारा आसपास के थानों को सूचना देकर गुमशुदगी के आधार पर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य संदिग्ध कारण से हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र की नहरों में पहले भी शव मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे इलाके में दहशत और चिंता का माहौल बना रहता है। वहीं, जानकारी के अनुसार शव की पहचान कुरसौली ग्राम प्रधान के चाचा रामबाबू के रूप में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही शव की पहचान व मौत के कारण का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
नहर में मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी