जाजमऊ फ्लाईओवर पर दौड़ा आग का गोला बना ट्रक, शॉर्ट सर्किट से मची दहशत

कानपुर। जाजमऊ फ्लाईओवर पर बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मौरंग से लदे एक ट्रक में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक करीब 100 मीटर तक जलता हुआ दौड़ता रहा और देखते ही देखते आग का गोला बन गया।
यह घटना रामादेवी से जाजमऊ की ओर जाने वाले फ्लाईओवर की है। जानकारी के अनुसार गोंडा निवासी चालक पप्पू पासवान उरई से मौरंग लेकर लौट रहा था। जैसे ही ट्रक रामादेवी पार कर फ्लाईओवर पर पहुंचा, केबिन में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई।
चालक पप्पू पासवान और परिचालक बूदई ने शुरुआत में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। हालात बिगड़ते देख चालक, परिचालक और एक अन्य साथी ने चलते ट्रक से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
आग की लपटें तेज होते ही ट्रक के टायर एक-एक कर फटने लगे, जिससे जोरदार धमाके हुए और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। फ्लाईओवर पर मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस घटना में चालक पप्पू पासवान के दोनों हाथ झुलस गए। वहीं ट्रक में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर रामादेवी से जाजमऊ की ओर आने वाले वाहनों को रोक दिया, जिससे लगभग 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। राहगीरों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने के बावजूद दमकल की गाड़ियां करीब 20 मिनट की देरी से मौके पर पहुंचीं, जिससे आग और फैल गई। हालांकि मौके पर पहुंचने के बाद फायर ब्रिगेड ने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
फायर अधिकारी राहुल नंदन ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन जाम के कारण दमकल को वैकल्पिक मार्ग से मौके तक पहुंचना पड़ा, जिससे देरी हुई।

(रिपोर्ट: कानपुर ब्यूरो)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद