अवैध निर्माण पर केडीए की सख्ती, चकेरी में बड़ी कार्रवाई

कानपुर। शहर में बिना नक्शा स्वीकृत कराए किए जा रहे अवैध निर्माणों के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए सोमवार को चकेरी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन अभियान के तहत देहली सुजानपुर इलाके में एक बड़े अवैध निर्माण को चिन्हित कर उसे सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में भू-माफियाओं और अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के कड़े निर्देशों तथा सचिव के 19 मार्च 2026 के आदेश के अनुपालन में की गई। प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत क्षेत्रीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रवर्तन टीम के अनुसार, थाना चकेरी क्षेत्र के अंतर्गत आराजी संख्या-1958 (पार्ट), जो बजरंगी गैस एजेंसी के बगल में स्थित है, पर बिना किसी वैध अनुमति के निर्माण कार्य कराया जा रहा था। संबंधित निर्माण के लिए न तो नक्शा स्वीकृत कराया गया था और न ही प्राधिकरण की अन्य औपचारिकताओं का पालन किया गया था। टीम ने मौके पर पहुंचते ही निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाया और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद श्रमिकों और संबंधित व्यक्तियों को भी निर्माण से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई और भविष्य में ऐसी अनियमितता न करने की चेतावनी दी गई। यह कार्रवाई प्रभारी अधिकारी (प्रवर्तन जोन-4) के नेतृत्व में की गई, जिसमें अटल चतुर्वेदी (अवर अभियंता), प्रवर्तन जोन-4 का स्टाफ, विभागीय सुरक्षा बल और क्षेत्रीय पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई और कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।
केडीए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध और अनाधिकृत निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। प्राधिकरण ने यह भी कहा कि आगे भी ऐसे निर्माणों के खिलाफ सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार का भवन निर्माण शुरू करने से पहले केडीए से मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं और सभी नियमानुसार प्रक्रियाओं का पालन करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद