मनीष गुप्ता
कानपुर। थाना रेलबाजार क्षेत्र में रविवार को एक 6 वर्षीय बच्चे के गुम हो जाने से परिजनों में हड़कंप मच गया, लेकिन पुलिस की तत्परता से महज एक घंटे के भीतर ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। नई बस्ती, नजमा हॉस्पिटल के सामने रहने वाले नफीस पुत्र दिलशाद ने थाना रेलबाजार में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका 6 वर्षीय बेटा ऐलिस, जो अपनी नानी के घर मीरपुर तलौआ आया हुआ था, शाम करीब 6:30 बजे खेलते-खेलते अचानक कहीं लापता हो गया। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से मदद मांगी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में रेलबाजार पुलिस टीम ने तुरंत तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते महज एक घंटे के भीतर, शाम करीब 7:30 बजे बच्चे को सकुशल खोज लिया गया और उसके परिजनों को सौंप दिया गया। बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पुलिस का आभार जताया, वहीं क्षेत्रीय लोगों ने भी पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशीलता की सराहना की। बरामद करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमान सिंह, उपनिरीक्षक सूरज वर्मा एवं महिला उपनिरीक्षक रोली मिश्रा शामिल रहीं। रेलबाजार पुलिस की इस तत्परता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर की गई कार्रवाई कई बड़ी परेशानियों को टाल सकती है।
1 घंटे में कमाल: रेलबाजार पुलिस ने 6 साल के मासूम को सकुशल खोज निकाला