केडीए का बुलडोजर चला, 7 बीघा जमीन खाली

कानपुर। अवैध कब्जों और बिना नक्शा पास कराए की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण ने बड़ा एक्शन लेते हुए कल्याणपुर क्षेत्र में करीब 7 बीघा जमीन को कब्जामुक्त कराया। बुधवार को हुई इस कार्रवाई में प्राधिकरण की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल के निर्देशन और सचिव के आदेश पर की गई। प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने थाना सचेंडी/कल्याणपुर क्षेत्र के अंतर्गत गौजा कल्याणपुर नरवल स्थित आराजी संख्या-205 सहित अन्य भूखंडों पर अभियान चलाया।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, उक्त जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध रूप से प्लॉटिंग कर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। बिना स्वीकृत मानचित्र के विकसित की जा रही इस कॉलोनी को पूरी तरह अवैध मानते हुए तत्काल कार्रवाई की गई और पूरे क्षेत्र को खाली कराया गया।
ध्वस्तीकरण अभियान प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी अधिकारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें अवर अभियंता अटल चतुर्वेदी, प्रवर्तन स्टाफ, प्राधिकरण का सुरक्षा बल और क्षेत्रीय पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध या अव्यवस्था से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और बिना अनुमति के प्लॉटिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में लगातार चिन्हांकन कर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बताया गया कि प्रवर्तन जोन-4 के अन्य इलाकों में भी अवैध निर्माणों को चिन्हित कर लिया गया है और उपाध्यक्ष के निर्देशानुसार आने वाले दिनों में भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई इसी तरह जारी रहेगी। प्रशासन की इस सख्ती से भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद