शक्तिपीठों में उमड़ेगी भीड़, तैयारियां पूरी

कानपुर। चैत्र नवरात्रि को लेकर शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल चरम पर है। जगत जननी मां जगदंबा के स्वागत के लिए प्रमुख सिद्धपीठों से लेकर घर-घर तक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों को फूलों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप दिया गया है। बुधवार भोर पहर से ही माता के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
प्रशासन और मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों—बिरहाना रोड स्थित तपेश्वरी देवी मंदिर, हटिया की बुद्धा देवी, बारादेवी, शास्त्री नगर की काली मठिया, गोविंद नगर दुर्गा मंदिर, बंगाली मोहाल की काली और किदवई नगर स्थित जंगली देवी मंदिर—में सजावट और रंग-रोगन का कार्य पूर्ण हो चुका है।
मंदिरों के बाहर लंबी कतारों को व्यवस्थित करने के लिए बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। तपेश्वरी देवी मंदिर के महंत शिव मंगल के अनुसार, नवरात्रि में यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मन्नत पूरी होने पर जलने वाली अखंड ज्योति के लिए भी बड़ी संख्या में बुकिंग कराई गई है, जो पूरे नौ दिनों तक प्रज्वलित रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर में 14 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। भोर 4 बजे माता की आरती के साथ ही मंदिरों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
वहीं, नवरात्रि को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। मंदिरों के आसपास सजी दुकानों पर माता के श्रृंगार की सामग्री—डिजाइनर चुनरी, मुकुट, नारियल और पूजन सामग्री—की जमकर खरीदारी हो रही है। लोग घरों में कलश स्थापना के लिए मिट्टी के पात्र और फल-फूल खरीदते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद