: ‘
कानपुर। कमिश्नरेट कानपुर नगर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और युवाओं को नशे के दलदल से बचाने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन दहन’ शुरू कर रखा है। इसी क्रम में थाना कोतवाली क्षेत्र के नवीन मार्केट में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों की तलाशी ली और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
इस अभियान की निगरानी स्वयं पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता ने की। उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस टीम ने क्षेत्र के उन सभी संभावित हॉट-स्पॉट्स को चिन्हित कर घेराबंदी की, जहां नशे के अवैध कारोबार की आशंका रहती है।
अभियान के दौरान पुलिस ने इलाके में घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली। साथ ही पूर्व में चिन्हित स्थानों पर भी जांच-पड़ताल की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सूखे नशे जैसे गांजा, चरस आदि की सप्लाई चेन को तोड़ना और इसमें लिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करना है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को नशे की लत से बचाने के लिए भी यह अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस उपायुक्त ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद भी किया। उन्होंने लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि नशे के अवैध कारोबार को खत्म करने के लिए समाज की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी शहर के अन्य क्षेत्रों में लगातार जारी रहेगा।