कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बिठूर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-1बी की टीम ने लगभग 11 बीघे भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया।
केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दो जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध प्लाटिंग के तहत बनाई गई सड़कें, नाले, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर और एंट्री गेट को जमींदोज कर दिया।
ध्वस्तीकरण के दौरान राघव, सुमेर व अन्य द्वारा चिरान क्षेत्र में लगभग 6 बीघा तथा बलराम सिंह चौहान व अन्य द्वारा कटरी ख्यौरा क्षेत्र में करीब 5 बीघा जमीन पर की जा रही अनधिकृत प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि बिना केडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए और बिना अनुमति के प्लाटिंग करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसी अवैध कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहता है और भविष्य में वहां रहने वाले लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि प्लॉट खरीदने से पहले केडीए से स्वीकृत ले-आउट और मानचित्र की जांच अवश्य कर लें तथा जमीन की वैधानिकता की जानकारी केडीए कार्यालय से प्राप्त करें। केडीए ने चेतावनी दी है कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजर राम औतार, मनोज कुमार, राज कुमार, लाल सिंह तथा बिठूर थाना पुलिस बल मौजूद रहा।
केडीए का अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर