कानपुर। नजीराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में तीन लोग सवार थे। हादसे में चालक को मामूली चोट आई, जबकि अन्य दो लोग सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई और लोगों ने कार चला रहे युवक को बाहर निकाला।
बताया गया कि दुर्घटना जेके मंदिर के पास हुई, जहां तेज गति से जा रही डिफेंडर कार अचानक सड़क किनारे पड़े पत्थर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल न होने के कारण मामला ज्यादा आगे नहीं बढ़ा।
जानकारी के अनुसार कार जीआरटी रियल स्टेट प्राइवेट लिमिटेड के जय तिवारी के नाम पंजीकृत है और हादसे के समय वही कार चला रहे थे। बताया जा रहा है कि ड्राइविंग के दौरान फोन रिसीव करने के कारण उनका ध्यान भटक गया, जिससे कार नियंत्रण से बाहर हो गई और दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को मौके से हटा दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार कार में तीन लोग सवार थे। हादसे में चालक को हल्की चोट आई, जबकि बाकी दोनों लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मदद करते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि यह डिफेंडर कार किदवई नगर क्षेत्र से भाजपा विधायक महेश त्रिवेदी के रिश्तेदार से जुड़ी बताई जा रही है, जिसके कारण पुलिस ने मामले में ज्यादा जानकारी देने से परहेज किया।
वाहन से जुड़ी जानकारी के अनुसार इसी कार का पहले भी तेज गति से चलाने को लेकर चालान किया जा चुका है। बताया गया कि 8 नवंबर 2025 को इस वाहन का 1000 रुपये का चालान काटा गया था, जो अभी तक लंबित है।
नजीराबाद थाना प्रभारी राज केसर ने बताया कि सुबह के समय जेके मंदिर के पास से गुजरते वक्त कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई थी। गाड़ी में तीन लोग सवार थे, लेकिन किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने स्थिति सामान्य होने के बाद वाहन को हटवा दिया।
तेज रफ्तार कार पलटी, तीन लोग बाल-बाल बचे