यूपी एनर्जी एक्सपो को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कानपुर। उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और फर्स्ट व्यू द्वारा यूपीनेडा तथा उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से विकास भवन में प्री-इवेंट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों, नीतियों और संभावनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना और पीएम कुसुम योजना जैसे प्रयास घरों, किसानों और उद्योगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिससे ऊर्जा सुरक्षा के साथ सतत विकास को मजबूती मिल रही है।पीएचडी चैंबर के सीनियर रीजनल डायरेक्टर अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का आयोजन 7 से 9 मई तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय एक्सपो में भारत और विदेशों से 150 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे, जबकि 10 विशेष सत्रों में 60 से अधिक वक्ता नई तकनीकों, नीतियों और निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
संयुक्त निदेशक वी.के. वर्मा ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र के लिए सौर ऊर्जा अपनाना बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे उद्योगों की लागत कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। जिला उद्योग केंद्र कानपुर के महाप्रबंधक अंजनीश प्रताप सिंह ने कहा कि सौर ऊर्जा अब उद्योगों के लिए किफायती विकल्प बनती जा रही है और इससे राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
गोल्डी ग्रुप लिमिटेड के निदेशक सुदीप गोयनका ने कहा कि सौर ऊर्जा में अपार संभावनाएं हैं और भविष्य में यह ऊर्जा का सबसे बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना और पीएम कुसुम योजना के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा अपनाने के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होने की क्षमता रखता है।
केईआई इंडस्ट्रीज के कानपुर ब्रांच हेड अनुराग मिश्रा ने भी नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते अवसरों पर अपने विचार साझा किए। यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 के प्रोग्राम कन्वीनर पराग मिश्रा ने कहा कि यह एक्सपो सौर ऊर्जा, रूफटॉप सोलर, बड़े सोलर प्रोजेक्ट्स और औद्योगिक सोलर समाधान को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
उन्होंने बताया कि एक्सपो में यूपी ईवी एक्सपो, यूपी स्मार्ट ग्रिड एक्सपो और यूपी स्टोरेज एक्सपो जैसे विशेष खंड भी शामिल होंगे, जिनमें इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, स्मार्ट ग्रिड तकनीक और ऊर्जा भंडारण से जुड़ी आधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। एक्सपो से पहले राज्य भर में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला भी आयोजित की जा रही है। इसके तहत 20 मार्च को प्रयागराज, 27 मार्च को वाराणसी, 17 अप्रैल को गोरखपुर और 24 अप्रैल को लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद