350 करोड़ से बदलेगा ग्रीन पार्क स्टेडियम का स्वरूप

कानपुर। शहर के ऐतिहासिक और प्रदेश के इकलौते सरकारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम ग्रीन पार्क स्टेडियम के दिन अब बदलने वाले हैं। करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से स्टेडियम का भव्य पुनर्विकास (मेकओवर) किया जाएगा। इस परियोजना को आगे बढ़ाने में रमेश अवस्थी के प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुनर्विकास के बाद स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार किया जाएगा।
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत स्टेडियम का पिलर-लेस डिजाइन होगा। यानी दर्शक दीर्घाओं में खंभे नहीं होंगे, जिससे स्टेडियम के किसी भी कोने में बैठे दर्शक को मैदान का साफ और निर्बाध दृश्य दिखाई देगा। इससे मैच देखने का अनुभव पहले की तुलना में कहीं अधिक बेहतर और रोमांचक होगा।
शासन ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति देते हुए पहले चरण के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की पहली किस्त मंजूर कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि यह धनराशि अप्रैल माह में जारी कर दी जाएगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य को धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी जाएगी।
वर्तमान में ग्रीन पार्क स्टेडियम की दर्शक क्षमता सीमित है, लेकिन पुनर्निर्माण के बाद इसे बढ़ाकर करीब 35 हजार दर्शकों तक किया जाएगा। इससे बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के साथ-साथ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) जैसे बड़े आयोजनों की मेजबानी की संभावनाएं भी बढ़ जाएंगी।

ग्रीन पार्क के पुनर्विकास का कार्य तीन चरणों में पूरा किया जाएगा, जिसे लगभग 24 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहले चरण में अत्याधुनिक मीडिया सेंटर, नया प्लेयर पवेलियन, आधुनिक दर्शक दीर्घाएं और हाईटेक फ्लड लाइटों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही बारिश के दौरान मैच प्रभावित न हों, इसके लिए स्टेडियम में विश्वस्तरीय ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा स्टेडियम परिसर में कई नई सुविधाएं भी जोड़ी जाएंगी। इनमें फूड प्लाजा, वीआईपी पार्किंग, कॉर्पोरेट बॉक्स और अन्य आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल होंगी, जिससे खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों को भी बेहतर अनुभव मिल सके।

परियोजना की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए उच्च स्तरीय बैठकों का दौर पूरा हो चुका है। विभागीय सूत्रों के अनुसार अप्रैल तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी, जबकि मई या जून से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

खेल विशेषज्ञों और अधिकारियों का मानना है कि इस मेकओवर के बाद ग्रीन पार्क स्टेडियम देश के आधुनिक स्टेडियमों में शुमार हो जाएगा। पिलर-लेस छत और अत्याधुनिक सुविधाओं के कारण दर्शकों का अनुभव भी यादगार होगा। साथ ही कानपुर को नियमित रूप से टेस्ट, वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी मिलने की संभावनाएं भी काफी बढ़ जाएंगी।

मुख्य आकर्षण

कुल लागत: लगभग 350 करोड़ रुपये

डिजाइन: पिलर-लेस (बिना खंभों वाली गैलरी)

समय सीमा: लगभग 24 महीने

दर्शक क्षमता: करीब 35,000

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूरा होने के बाद कानपुर का ग्रीन पार्क स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर मजबूती से अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद