ऑपरेशन मुस्कान: दिल्ली से अपहृत किशोरी कानपुर सेंट्रल से बरामद

कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत तत्परता दिखाते हुए दिल्ली से अपहृत 14 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया और उसे दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। यह कार्रवाई अंतर-राज्यीय पुलिस समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण मानी जा रही है।
मामले के अनुसार दिल्ली के गांधीनगर थाना में नाबालिग किशोरी के अपहरण का मुकदमा (संख्या 72/2026, धारा 137(2) बीएनएस) दर्ज किया गया था। जांच के दौरान दिल्ली पुलिस को सूचना मिली कि किशोरी ट्रेन के जरिए कानपुर की ओर आ सकती है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने कानपुर जीआरपी से संपर्क कर सहयोग मांगा। सूचना मिलते ही जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कराया। टीम ने स्टेशन के सभी प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्री प्रतीक्षालय में गहन जांच की। इसी दौरान ट्रेन संख्या 12874 झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस की तलाशी के दौरान अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के बाद किशोरी को जीआरपी के महिला हेल्प डेस्क पर सुरक्षित रखा गया, जहां महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव की देखरेख में उससे पूछताछ की गई। इसके बाद दिल्ली के गांधीनगर थाना पुलिस के उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह को सूचना दी गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद किशोरी को दिल्ली पुलिस की टीम के सुपुर्द कर दिया गया। आगे की कानूनी कार्रवाई दिल्ली पुलिस द्वारा की जाएगी।
इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में वरीय उपनिरीक्षक विनोद यादव, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, सुनील कुमार, संदीप तिवारी, हेड कांस्टेबल हरपाल यादव, शिव सिंह, रमेश सोनकर, वैश खान, महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव तथा कांस्टेबल बलवंत चौधरी, शिवेंद्र कुमार, कैलाश कुमार, विवेक यादव और दीपक यादव की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद