कानपुर। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना बिठूर पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने फर्जी स्कीम के नाम पर साइबर ठगी करने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक अपाचे बाइक भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार शातिर अभियुक्त लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर फर्जी स्कीम में फंसाते थे। इसके बाद पीड़ितों के आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों का दुरुपयोग कर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए जाते थे, जिनका उपयोग साइबर फ्रॉड की रकम के लेन-देन में किया जाता था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राज उर्फ कृष्णा (19 वर्ष), सोहेल (20 वर्ष), अहमद इमरान उर्फ शीलू (19 वर्ष) और अर्जुन ठाकुर (19 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी कानपुर नगर के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और साइबर ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
फर्जी स्कीम से साइबर ठगी करने वाले चार गिरफ्तार