दादा नगर में नाले की पटिया धंसी, डीसीएम फंसी

कानपुर। शहर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र दादा नगर में सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुरारी आटा चक्की रोड पर जर्जर नाले की कंक्रीट पटिया अचानक धंस गई, जिससे गत्ते के रोल से लदी एक डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर नाले में फंस गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीसीएम ट्रक फैक्ट्री से माल लेकर निकल रही थी। जैसे ही वह नाले के ऊपर से गुजरी, पुरानी और कमजोर पटिया भारी वजन नहीं सह सकी और टूट गई। पटिया धंसते ही ट्रक का पिछला हिस्सा गहरे नाले में जा गिरा, जिससे चालक और आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। हादसे के चलते दादा नगर फैक्ट्री एरिया की मुख्य सड़क पूरी तरह बाधित हो गई और भीषण जाम लग गया। जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका।

सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। भारी वाहन को निकालने के लिए पहले डीसीएम में लदे गत्ते के रोल उतरवाकर वजन कम किया गया। इसके बाद क्रेन मंगवाई गई और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को नाले से बाहर निकाला जा सका, तब जाकर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो पाया। फैक्ट्री एरिया होने के कारण मालवाहक वाहनों की आवाजाही ठप रहने से व्यापारिक गतिविधियों पर भी खासा असर पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में नगर निगम व संबंधित विभागों के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि नाले की स्थिति लंबे समय से जर्जर थी और कई बार शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई। उनका आरोप है कि यदि समय रहते नाले की पटरियों की जांच और मजबूतीकरण नहीं किया गया, तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा और जनहानि हो सकती है। इस घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद