कानपुर। आगामी होली के पावन पर्व और रमजान के पवित्र महीने को देखते हुए कानपुर नगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शहर में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक की।
बैठक में विशेष रूप से मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अपर पुलिस आयुक्त ने सेंट्रल जोन के अधिकारियों के साथ मिलकर चमनगंज, बेकनगंज, अनवरगंज और बजरिया जैसे संवेदनशील थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन इलाकों में पुलिस की प्रभावी उपस्थिति हर हाल में नजर आनी चाहिए।
डॉ. विपिन ताडा ने अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24 घंटे निगरानी करने, किसी भी भ्रामक सूचना या सौहार्द बिगाड़ने वाली अफवाह पर तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में निरंतर गश्त, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने और स्थानीय संभ्रांत नागरिकों व धर्मगुरुओं से संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
समन्वय बैठक में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन), अपर पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन), सहायक पुलिस आयुक्त (कलेक्टरगंज), सहायक पुलिस आयुक्त (अनवरगंज) सहित सभी संबंधित थानों के प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि किसी भी छोटी घटना को नजरअंदाज न किया जाए और मौके पर पहुंचकर त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
होली-रमजान पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था