कानपुर। अहमदाबाद से घर से नाराज होकर भागी एक नाबालिग लड़की को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। बाद में उसे विधिवत प्रक्रिया के तहत वेजलपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
हेल्पलाइन प्रयागराज से प्राप्त सूचना के अनुसार गाड़ी संख्या 19167 में एक नाबालिग लड़की—शहरा बानू—यात्रा कर रही थी, जिसके संबंध में वेजलपुर थाना, अहमदाबाद में शिकायत दर्ज थी। सूचना मिलते ही आरपीएफ स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन के कानपुर सेंट्रल आगमन पर उसे अटेंड किया। ट्रेन में बालिका की पहचान होने पर उसे सुरक्षित उतारकर आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल लाया गया।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह घर से नाराज होकर चली गई थी। तत्काल वेजलपुर थाना अहमदाबाद को सूचना दी गई, जहां से निर्देश मिला कि बालिका को सुरक्षित अपने पास रखा जाए और थाना स्टाफ उसे लेने के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद बालिका को महिला स्टाफ की निगरानी में सुरक्षित रखा गया।
दिनांक 27.02.2026 को वेजलपुर थाना अहमदाबाद से एसआई आनंद ठाकुर मय स्टाफ आरपीएफ पोस्ट पहुंचे और लिखित प्रार्थना पत्र तथा थाने में दर्ज एफआईआर की प्रति प्रस्तुत की। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नाबालिग लड़की शहरा बानू (उम्र 17 वर्ष), पुत्री अकबर अली, निवासी मकान संख्या 29, कस्बा पार्क सोसाइटी, कोतवाली, कैमाल के पीछे, थाना फैजलपुर, जिला अहमदाबाद को सकुशल वेजलपुर थाने के स्टाफ के सुपुर्द कर दिया गया।
वेजलपुर थाना स्टाफ ने समयबद्ध और संवेदनशील कार्रवाई के लिए आरपीएफ की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
भागकर आई नाबालिग को आरपीएफ ने सुरक्षित रेस्क्यू किया