‘योग जीवन जीने की कला और खुद से जुड़ने का मार्ग’ – आईपीएस बी.बी. चौरसिया
कानपुर।
कानपुर स्थित वाहिनी क्रिकेट ग्राउंड में योग और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सेनानायक बी.बी. चौरसिया (आईपीएस) की गरिमामयी उपस्थिति में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया।
योग शिविर का सफल संचालन योगाचार्य सूबेदार सैन्य सहायक सुरेंद्र सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने जवानों को सूक्ष्म व्यायाम के साथ-साथ जटिल योगासनों का अभ्यास कराया और प्रत्येक आसन के शारीरिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। शिविर के दौरान सूर्य नमस्कार, मर्कटासन, कपालभाति, अर्धचक्रासन, ताड़ासन, भ्रामरी, भस्त्रिका, मकरासन, वज्रासन, सर्वांगासन, नौकासन और शवासन जैसे प्रमुख योगाभ्यास कराए गए। कार्यक्रम का समापन ‘हास्यासन’ के साथ हुआ, जिससे पूरा मैदान ठहाकों से गूंज उठा और वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।
इस अवसर पर जवानों को संबोधित करते हुए सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने कहा कि योग मात्र व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा के तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण वातावरण में योग स्वयं से जुड़ने और मानसिक संतुलन बनाए रखने का सशक्त माध्यम है।
योग शिविर के उपरांत सेनानायक महोदय ने वाहिनी परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था, पुलिस मॉडर्न स्कूल और मैस का गहन निरीक्षण किया तथा जवानों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मैस की गुणवत्ता और सुविधाओं पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने सुधार और निरंतर निगरानी के निर्देश दिए।
इस विशेष आयोजन में शिविरपाल चंद्रेश्वर, दलनायक (ड्यूटी दल) ब्रज किशोर साहू, दलनायक (ए दल) मुन्नूलाल, आरटीसी प्रभारी सीसी मनोज कुमार श्रीवास्तव, दलनायक (बी दल) इंदल राम, दलनायक अरविंद कुमार, पीसी रावेंद्र चौधरी सहित वाहिनी के बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
वाहिनी परिसर में गूंजा योग का मंत्र, सेनानायक बी.बी. चौरसिया की मौजूदगी में जवानों ने साधा तन–मन :