सीएसजेएमयू में एआई और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा निवेश

कानपुर।
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में 72वीं वित्त समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने की। बैठक में विश्वविद्यालय के भविष्य को तकनीकी और आधारभूत सुविधाओं के लिहाज से मजबूत बनाने के लिए कई बड़े और दूरगामी फैसले लिए गए।
वित्त समिति की बैठक में सर्वसम्मति से विश्वविद्यालय को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) सक्षम परिसर के रूप में विकसित करने के लिए 10 करोड़ रुपये के बजट प्रावधान को मंजूरी दी गई। इस पहल के तहत शैक्षणिक, प्रशासनिक और शोध कार्यों में आधुनिक एआई तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे छात्रों और शिक्षकों को तकनीकी रूप से उन्नत वातावरण मिल सके।
बैठक में विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वास्थ्य केंद्र को पीपीपी मॉडल पर विकसित करते हुए उसे 100 बेड के आधुनिक अस्पताल में परिवर्तित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इस फैसले से न केवल विश्वविद्यालय के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी इसका लाभ मिल सकेगा।

इसके अलावा विश्वविद्यालय के खेल कॉम्पलेक्स को पीपीपी मॉडल पर संचालित किए जाने के निर्णय को भी वित्त समिति ने मंजूरी दे दी। इससे खेल सुविधाओं का आधुनिकीकरण होगा और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं संसाधन उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

बैठक में वित्त वर्ष 2024-2025 की ऑडिट बैलेंस शीट को अनुमोदन प्रदान किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए विश्वविद्यालय के बजट पर भी मुहर लगी, जिसमें 487 करोड़ रुपये की आय और 459 करोड़ रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया है।
वित्त समिति ने वर्ष 2026-2027 में 100 बेड क्षमता वाले एक पुरुष एवं एक महिला छात्रावास के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की। इससे छात्र आवास की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी और छात्र सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
बैठक के अंत में कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को तकनीकी, शैक्षणिक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाना प्राथमिकता है। वित्त समिति द्वारा लिए गए ये निर्णय सीएसजेएम विश्वविद्यालय को आधुनिक, स्मार्ट और छात्र-केंद्रित संस्थान के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद