कानपुर/लखनऊ। सुरेंद्र मैथानी ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर से विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट कर लेबर कॉलोनियों में रह रहे परिवारों को मालिकाना हक देने की जोरदार मांग उठाई। इस दौरान विधायक ने एक विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए “जो जहां काबिज है, वही बने मालिक” का सिद्धांत लागू करने का प्रस्ताव रखा।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि सरकार को मात्र नाममात्र शुल्क लेकर वर्षों से लेबर कॉलोनियों में रह रहे मजदूर परिवारों को स्वामित्व प्रदान करना चाहिए, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके। उन्होंने विशेष रूप से शास्त्री नगर लेबर कॉलोनी का उल्लेख करते हुए बताया कि यह एशिया की सबसे बड़ी लेबर कॉलोनियों में से एक है और वे स्वयं 42 वर्षों तक वहीं रहकर इन परिवारों के संघर्षों के साक्षी रहे हैं।
विधायक ने यह भी कहा कि वे इस मुद्दे को पूर्व में कई बार उत्तर प्रदेश विधानसभा में उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। उन्होंने प्रक्रिया में हो रहे विलंब को समाप्त कर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।
मंत्री अनिल राजभर ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सरकार श्रमिकों के हितों के प्रति संवेदनशील है और लेबर कॉलोनी निवासियों को स्वामित्व अधिकार देने की दिशा में आवश्यक और ठोस कार्यवाही जल्द की जाएगी।
लेबर कॉलोनियों को मालिकाना हक देने की मांग, विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मंत्री अनिल राजभर से की भेंट