कानपुर। रेलमदद रिफ्रेंस नंबर 2026021708121 के माध्यम से आरपीएफ को सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 02564 के कोच नंबर बी-3, बर्थ नंबर 30 पर एक युवक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए उप निरीक्षक मो. असलम खान, एएसआई कपिल देव एवं महिला कांस्टेबल विनीता के साथ गाड़ी के कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर आगमन समय 23:55 बजे, प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर मौके पर पहुंचे।आरपीएफ टीम द्वारा कोच बी-3, बर्थ नंबर 30 को अटेंड किया गया, जहां एक लड़का व एक लड़की रेलमदद में दिए गए फोटो व हुलिए के अनुसार पाए गए। मौके पर शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए नंबर पर संपर्क करने पर उप निरीक्षक ओम त्रिपाठी, थाना सेक्टर-63, जिला गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) ने बताया कि युवक का नाम रितेश कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष) पुत्र राजेश्वर राय, निवासी वरमौल, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) है, जो नाबालिग लड़की रितिका (उम्र लगभग 16 वर्ष) पुत्री दिनेश, निवासी वाजिदपुर, एच-ब्लॉक, सेक्टर-63, नोएडा को भगा कर ले जा रहा है।उन्होंने यह भी बताया कि उक्त मामले में लड़की के परिजनों की तहरीर पर युवक के विरुद्ध अपहरण का एफआईआर दर्ज है तथा संबंधित पुलिस टीम सड़क मार्ग से कानपुर पहुंच रही है। आरपीएफ द्वारा दोनों को सुरक्षा में रोककर रखा गया।
दिनांक 18 फरवरी 2026 को संबंधित थाना सेक्टर-63, गौतमबुद्ध नगर से उप निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह एवं महिला उप निरीक्षक विनीता गंगवार कानपुर सेंट्रल पहुंचे। एफआईआर की प्रति प्राप्त कर आवश्यक फोटोग्राफी व कागजी कार्रवाई के उपरांत नाबालिग लड़की व आरोपी युवक को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु विधिवत रूप से संबंधित पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।
इस सफल एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस द्वारा आरपीएफ कानपुर सेंट्रल की तत्परता और सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई।
RPF कानपुर सेंट्रल की तत्परता से नाबालिग लड़की सुरक्षित बरामद, अपहरण आरोपी युवक पुलिस को सौंपा