कानपुर। महानगर के रावतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छपेड़ा पुलिया के पास मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सोनू राठौर पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले उनकी पीठ में गोली मारी और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में सोनू राठौर को तत्काल लाला लाजपत राय अस्पताल (हैलट) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया गया है कि सोनू राठौर नवाबगंज क्षेत्र के सिग्नेचर सिटी के निवासी हैं और छपेड़ा पुलिया के पास उनकी पूजन सामग्री की दुकान है।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात करीब एक बजे सोनू एक शादी समारोह से लौट रहे थे। जैसे ही वह छपेड़ा पुलिया के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावरों में साजन उर्फ रोहित, बाबा लाइट, अभिषेक सहित कुछ अन्य लोग शामिल थे। गोली लगने के बाद गिर पड़े सोनू पर आरोपियों ने चाकुओं से पेट व शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए और फरार हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी और एडीसीपी कपिल देव सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोनू राठौर और आरोपियों के बीच एक दुकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस को घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है, जिसमें हमलावर दिखाई दे रहे हैं। घटना की खबर फैलते ही देर रात अस्पताल के बाहर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर और रावतपुर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।डीसीपी पश्चिम ने बताया कि नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।