15 मार्च को 12वां सामूहिक विवाह समारोह, 18 जोड़े बंधेंगे विवाह बंधन में

कानपुर। प्रजापति महासभा कानपुर उत्तर प्रदेश की एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक दिव्यांशी गार्डन में आयोजित की गई। बैठक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इसी क्रम में 12वां प्रजापति सामूहिक विवाह समारोह आगामी 15 मार्च 2026 (रविवार) को दिव्यांशी गार्डन, बर्रा बाईपास चौराहा, कानपुर नगर में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
संगठन द्वारा इस वर्ष 18 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराए जाने की समस्त तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। बैठक में बताया गया कि विवाह समारोह से पूर्व 22 फरवरी 2026 (रविवार) को सभी चयनित वर-वधू एवं उनके परिजनों को आवश्यक वस्त्र वितरण किया जाएगा, ताकि विवाह की प्रक्रिया सुचारु एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक के दौरान महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनाने को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन न केवल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और समानता का संदेश भी देते हैं। इसके साथ ही सामाजिक उत्थान, शिक्षा के प्रसार, आर्थिक सशक्तिकरण तथा सामाजिक व राजनीतिक जागरूकता जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अध्यक्ष विनोद कुमार प्रजापति, प्रमुख महासचिव मदनपाल प्रजापति, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश वर्मा प्रजापति, कोषाध्यक्ष रोहित प्रजापति सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सभी को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि विवाह समारोह को सफल और यादगार बनाया जा सके।
अंत में महासभा के पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता करने की अपील की और कहा कि यह सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक एकजुटता और सेवा भाव का प्रतीक बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद