उत्तरीपुरा धान क्रय केंद्र पर डीएम का छापा, लापरवाही पर निलंबन की संस्तुति

जिला खाद्य विपणन अधिकारी को शिथिल पर्यवेक्षण पर प्रतिकूल प्रविष्टि

कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार अपराह्न नवीन मंडी स्थल, उत्तरीपुरा में स्थापित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों की शिकायतें सही पाई गईं। कई किसान बीते कई दिनों से धान बेचने के लिए चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उनका क्रय नहीं किया गया था।
मंडी परिसर में खाद्य विभाग द्वारा संचालित उत्तरीपुरा मंडी प्रथम, द्वितीय व तृतीय तथा यूपीएसएस द्वारा संचालित एक क्रय केंद्र कार्यरत है। ग्राम मदाराराय गुमानपुर निवासी श्याम बाबू, ग्राम सुजावलपुर निवासी सरोज नारायण त्रिपाठी और ग्राम एइमा निवासी रामपाल ने डीएम से सीधे शिकायत की कि कई दिनों से प्रयास के बावजूद उनका धान नहीं खरीदा जा रहा है।
डीएम ने उत्तरीपुरा मंडी तृतीय क्रय केंद्र प्रभारी नीरज मिश्रा एवं मंडी क्रय केंद्र प्रभारी अमित द्विवेदी से पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। किसान श्याम बाबू ने बताया कि वह दिसंबर से धान बेचने का प्रयास कर रहे हैं। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए विपणन निरीक्षक नीरज शर्मा के निलंबन की संस्तुति शासन को भेजने के निर्देश दिए।

अभिलेखों की जांच में सामने आया कि यूपीएसएस के क्रय केंद्र पर 12 फरवरी के बाद कोई खरीद नहीं हुई, जबकि किसान मौजूद थे। साथ ही 14 नवंबर के बाद किसी अधिकारी द्वारा स्थल निरीक्षण न किए जाने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। धान खरीद की समग्र जांच के लिए एसडीएम बिल्हौर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसमें एआरओ सप्लाई व मंडी सचिव सदस्य होंगे।निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में गंदगी पाई गई और खरीदा गया धान खुले में रखा मिला। इस पर प्रभारी मंडी सचिव अनिल पांडेय को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई व धान के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को शिथिल पर्यवेक्षण के लिए प्रतिकूल प्रविष्टि देने के भी आदेश दिए।डीएम ने स्पष्ट किया कि क्रय केंद्र पर आने वाले सभी किसानों का धान नियमानुसार खरीदा जाए और छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जाए। अनावश्यक रूप से किसानों को दौड़ाने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद