कानपुर। कानपुर बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2026 की आहट के साथ ही कचहरी परिसर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मंत्री पद के प्रबल दावेदार महेश अवस्थी ने कचहरी प्रांगण में एक विशाल भंडारे का आयोजन कर अधिवक्ताओं के बीच अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, कनिष्ठ सहयोगियों और वादकारियों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के दौरान कचहरी परिसर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया। अधिवक्ता समूहों में बार की भावी दिशा, अधिवक्ताओं की समस्याओं और चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
इस अवसर पर उपस्थित साथियों को संबोधित करते हुए महेश अवस्थी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य अधिवक्ताओं की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, चेंबर और बुनियादी सुविधाओं में सुधार तथा अधिवक्ताओं के सम्मान की रक्षा करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि बार एसोसिएशन के सदस्य उनके पूर्व कार्यों, सक्रियता और समर्पण को देखते हुए उन्हें सेवा का अवसर प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में शहर के कई वरिष्ठ अधिवक्ता, पूर्व पदाधिकारी और विभिन्न समितियों के सदस्य भी मौजूद रहे। उपस्थित अधिवक्ताओं ने महेश अवस्थी की मिलनसार छवि और अधिवक्ताओं के हित में किए गए प्रयासों की सराहना की।
भंडारे में प्रसाद वितरण की व्यवस्था देर शाम तक चलती रही, जिसमें सैकड़ों अधिवक्ताओं और आगंतुकों ने भाग लिया। चुनाव नजदीक आते ही कचहरी परिसर में ऐसे आयोजनों से राजनीतिक और पेशेवर हलचल और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।