व्यापारियों की हुंकार: प्रदेश भर में आंदोलन का आगाज़

, ऑनलाइन शॉपिंग पर रोक और जीएसटी सरलीकरण की उठी मांग

कानपुर। व्यापारियों की ज्वलंत समस्याओं और लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने प्रदेश व्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला के नेतृत्व में कानपुर में आयोजित प्रादेशिक व्यापारी महासम्मेलन के निर्णय के अनुपालन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में जिलाधिकारियों के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। ज्ञात हो कि 29 जनवरी को कानपुर में प्रदेश भर से जुटे व्यापारी नेताओं ने एकजुट होकर व्यापारियों के हितों और भविष्य पर मंथन किया था, जिसमें यह निर्णय लिया गया था कि सरकार तक व्यापारियों की आवाज मजबूती से पहुंचाने के लिए सभी जिलों में एक साथ ज्ञापन अभियान चलाया जाएगा।

इसी क्रम में प्रदेश भर के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने बताया कि ज्ञापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद संगठन का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधि मंडल शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मांगों पर ठोस और त्वरित कार्रवाई की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि ये मांगें सिर्फ व्यापार से नहीं, बल्कि व्यापारियों के अस्तित्व और सम्मान से जुड़ी हुई हैं।संगठन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कई गंभीर और अहम मुद्दों को उठाया गया है। प्रमुख रूप से ऑनलाइन शॉपिंग पर तत्काल रोक लगाने या फिर स्थानीय दुकानदारों को जीएसटी व आयकर में विशेष छूट देने की मांग की गई है। इसके साथ ही ई-वे बिल की सीमा बढ़ाकर 2 लाख रुपये से शुरू करने, व्यापारियों की सुरक्षा के लिए ‘व्यापारी सुरक्षा आयोग’ के तत्काल गठन, ब्रांडेड गल्ले को टैक्स फ्री करने, मंडी शुल्क पूरी तरह समाप्त करने और पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की मांग शामिल है। छोटे दुकानदारों और फेरीवालों के लिए स्पष्ट विस्थापन नीति बनाकर उन्हें पक्की दुकानें आवंटित करने, हस्त निर्मित पीतल उद्योग को लघु उद्योग का दर्जा देने, व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लागू करने, बीमा राशि दोगुनी करने और बैंकों से रियायती दरों पर आसान ऋण सुविधा देने की भी मांग की गई है। इसके अलावा जीएसटी अधिकारियों द्वारा छापेमारी के नाम पर उत्पीड़न बंद करने और समस्याओं के समाधान हेतु सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने की भी पुरजोर मांग उठाई गई है।
ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान संगठन की एकजुटता साफ नजर आई। इस मौके पर जिलाध्यक्ष जेपी यादव, राष्ट्रीय सचिव रजत सिंह गौर, सेंट्रल यूपी अध्यक्ष अनिल शुक्ला, पूर्व पार्षद कीर्ति अग्निहोत्री, मंडल प्रभारी आशीष त्रिवेदी, महिला जिलाध्यक्ष मधु सिंह, युवा नगर अध्यक्ष आकाश जायसवाल, जिला महासचिव शरीक अहमद, राष्ट्रीय सचिव राम शंकर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं अनुज शुक्ला ने दो टूक चेतावनी दी कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन आज वह ऑनलाइन बाजार और जटिल जीएसटी नियमों के बीच पिस रहा है। यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद