निरीक्षण में लापरवाही उजागर, छह स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन कटा

कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को गीता नगर स्थित क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां कार्यप्रणाली में लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान कुल छह कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कर्मियों में संदीप कुमार कटियार, चंद्रशेखर गौड़, श्रुति वर्मा, नंदराम प्रजापति और विजय शामिल हैं।
निरीक्षण के समय डॉ. रवि गुप्ता ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह जनपद कानपुर देहात में आधिकारिक कार्य से गए हुए हैं। वहीं, चौबेपुर स्थित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह से जिलाधिकारी ने फोन पर वार्ता की, जिसमें स्पष्ट हुआ कि वे निरीक्षण के समय तक स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंचे थे। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी छह अनुपस्थित कार्मिकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर तो मिले, लेकिन संबंधित डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं थे, जिसे जिलाधिकारी ने गंभीर लापरवाही माना। इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कल्याणपुर का भी निरीक्षण किया। यहां मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुनीता सेठ उपस्थित पाई गईं।
उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में टेलीमेडिसिन डॉ. प्रकांक्षा कटियार का हस्ताक्षर दर्ज मिला, लेकिन वे मौके से अनुपस्थित थीं। इस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका भी एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मिल रही सुविधाओं पर संतोष जताया। निरीक्षण के समय तक स्वास्थ्य केंद्र में 11 ओपीडी, 4 जांच और 3 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका था।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद