कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय आम बजट 2026–27 को ऐतिहासिक, दूरदर्शी और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस व निर्णायक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि “विकसित भारत 2047” के संकल्प को साकार करने का स्पष्ट रोडमैप है।
गौरव भाटिया ने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह उपलब्धि सशक्त नेतृत्व, पारदर्शी नीतियों और मजबूत आर्थिक प्रबंधन का परिणाम है। बजट 2026–27 में इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, सड़क, रक्षा, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप, एमएसएमई और रोजगार सृजन पर विशेष फोकस किया गया है। मध्यम वर्ग को कर राहत, किसानों को तकनीकी सहायता और युवाओं को नवाचार व स्टार्टअप के लिए अवसर उपलब्ध कराने के लिए बड़े प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी विकास की सोच पर आधारित है, जिसमें गरीब, किसान, युवा और महिला सभी को केंद्र में रखा गया है। बुनियादी ढांचे में निवेश से देश की आर्थिक गति और तेज होगी, वहीं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार के आम बजट की भी सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रस्तुत यह प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। इसमें कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बुनियादी ढांचे के विकास, निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण केंद्र और प्रदेश की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। विपक्ष पर तीखा हमला
राहुल गांधी से जुड़े सवाल पर गौरव भाटिया ने कहा कि संसद जैसी सर्वोच्च संस्था में अप्रकाशित किताब को पेश कर देश की जनता को भ्रमित करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के कृत्य जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात के समान हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में योजनाओं का लाभ धर्म विशेष के लोगों तक सीमित कर दिया जाता था। पीडीए के अर्थ पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा कि इसका मतलब “प्रतीक, धर्मेंद्र और अखिलेश” है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह सफाया होगा और जनता एक बार फिर विकास व सुशासन के साथ खड़ी नजर आएगी। प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, अनुराग शर्मा, मनीष त्रिपाठी, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, के.के. सचान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक बजट: गौरव भाटिया