कॉरिडोर-2 की डाउनलाइन टनल पूरी

कानपुर। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के अंतर्गत कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के अंडरग्राउंड सेक्शन में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। रावतपुर से डबल पुलिया स्टेशन तक लगभग 4.10 किमी लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन की ‘डाउनलाइन’ टनल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यह उपलब्धि आज उस समय हासिल हुई जब ‘गोमती’ टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) टनलिंग कार्य पूरा करते हुए डबल पुलिया स्टेशन के अंतिम छोर तक पहुंची।
इस ऐतिहासिक मौके पर उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) एवं कांट्रैक्टिंग एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी स्टाफ मौजूद रहे। डाउनलाइन टनलिंग के पूर्ण होते ही कानपुर मेट्रो परियोजना ने एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर पार कर लिया है, जिससे कॉरिडोर-2 के निर्माण कार्य को नई गति मिलेगी। गौरतलब है कि लगभग 8.60 किमी लंबे कॉरिडोर-2 में करीब 4.10 किमी हिस्सा अंडरग्राउंड है। इस अंडरग्राउंड सेक्शन के अंतर्गत सबसे पहले रावतपुर से कंपनी बाग चौराहा की दिशा में कॉरिडोर-2 डिपो रैम्प तक लगभग 620 मीटर लंबी ‘अप-लाइन’ और ‘डाउनलाइन’ टनल का निर्माण किया गया था। इसके बाद रावतपुर से काकादेव होते हुए डबल पुलिया स्टेशन तक टनल निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ाया गया।

इस दौरान ‘गोमती’ टीबीएम मशीन द्वारा डाउनलाइन पर और ‘पार्वती’ टीबीएम मशीन द्वारा अप-लाइन पर टनलिंग का कार्य किया जा रहा है। आज ‘गोमती’ टीबीएम मशीन ने डबल पुलिया स्टेशन तक डाउनलाइन की पूरी टनलिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। अब इस मशीन को डबल पुलिया स्टेशन पर बने रिट्रीवल शाफ्ट से बाहर निकाला जाएगा।

वहीं दूसरी ओर, अप-लाइन पर ‘पार्वती’ टीबीएम मशीन द्वारा काकादेव स्टेशन से डबल पुलिया स्टेशन के बीच टनलिंग कार्य निरंतर जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में यह मशीन भी अप-लाइन पर अंतिम ब्रेकथ्रू हासिल कर लेगी, जिसके बाद कॉरिडोर-2 के पूरे अंडरग्राउंड सेक्शन का टनलिंग कार्य पूर्ण हो जाएगा।

इस अवसर पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि, “कानपुर मेट्रो की टीम पूरे समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। कॉरिडोर-1 के बैलेंस सेक्शन और कॉरिडोर-2, दोनों में निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। सभी विभागों के आपसी तालमेल और टीम भावना के कारण परियोजना योजनाबद्ध ढंग से प्रगति कर रही है। आज ‘गोमती’ टीबीएम द्वारा कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन (रावतपुर-डबल पुलिया) में डाउनलाइन टनलिंग का पूरा होना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मुझे विश्वास है कि दोनों कॉरिडोर पर निर्माण कार्यों की यह रफ्तार बनी रहेगी और जल्द ही पूरे शहर में मेट्रो से निर्बाध यात्रा का सपना साकार होगा।”उल्लेखनीय है कि कानपुर मेट्रो का कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) लगभग 24 किमी लंबा है, जिसमें आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 16 किमी लंबे रूट पर यात्री सेवाएं पहले से संचालित की जा रही हैं। कॉरिडोर-1 के शेष हिस्से (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) के अप-लाइन पर टेस्टिंग प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।वहीं, कॉरिडोर-2 (सीएसए–बर्रा-8) के अंतर्गत लगभग 4.50 किमी एलिवेटेड सेक्शन (एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से बर्रा-8) और 4.10 किमी अंडरग्राउंड सेक्शन (रावतपुर से डबल पुलिया) का सिविल निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। डाउनलाइन टनल के पूरा होने से अब कॉरिडोर-2 के निर्माण को निर्णायक बढ़त मिली है, जिससे आने वाले समय में कानपुरवासियों को आधुनिक, सुरक्षित और तेज सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने का सपना और करीब आता दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद