कानपुर। बहुजन समाज की आस्था और विचारों का प्रमुख केंद्र संत शिरोमणि गुरु रविदास आश्रम, बेनाझाबर में रविवार को एक आवश्यक सामाजिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य समाज की एकजुटता को और मजबूत करना तथा संत रविदास जी के समता, बंधुत्व और मानवता के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श करना रहा।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रही हैं और उनके विचारों को आगे बढ़ाना प्रत्येक समाजजन की जिम्मेदारी है। समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर आपसी भाईचारे और समरसता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संत रविदास जयंती समारोह समिति (डॉ. अंबेडकर नगर, विजयनगर, शास्त्री नगर) के पदाधिकारियों का सम्मान समारोह रहा। मेला कमेटी द्वारा 1 फरवरी 2026 को निकाली गई विशाल, भव्य एवं अनुशासित शोभायात्रा के सफल आयोजन की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस शोभायात्रा के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश गया और युवाओं में महापुरुषों के प्रति जागरूकता बढ़ी।
इस अवसर पर संत रविदास मेला कमेटी, बेनाझाबर के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता राधे श्याम भारतीय सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्यों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। आयोजकों की हौसला-अफजाई करते हुए कहा गया कि ऐसे कार्यक्रम समाज को संगठित करने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति व महापुरुषों के आदर्शों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के सामाजिक और धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सौहार्द, एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है तथा संत रविदास जैसे महापुरुषों के विचारों का व्यापक प्रसार होता है। कार्यक्रम में संत रविदास आश्रम मेला कमेटी की ओर से अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से राजबहादुर, मृगराज सिंह, अजीत सिंह, राकेश सागर, आरसी वर्मा, जयप्रकाश आर्य, अनिल कुमार, प्रमोद कुमार, सोहन भारती सहित समाज के अन्य सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अंत में मेला कमेटी द्वारा सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि भविष्य में भी समाजहित में ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि गुरु रविदास जी के विचारों को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा सके।