‘शो योर टैलेंट’ में चमके नन्हे सितारे

कानपुर। कानपुर मेट्रो यात्रियों के सफर को केवल सुविधाजनक ही नहीं, बल्कि यादगार और मनोरंजक बनाने की दिशा में लगातार नए प्रयोग कर रहा है। इसी क्रम में रविवार की शाम बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर कानपुर मेट्रो की ‘शो योर टैलेंट’ पहल के अंतर्गत एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बाल कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने मेट्रो यात्रियों का मन मोह लिया। यह कार्यक्रम ‘रायमा डांस एकेडमी’ के सहयोग से आयोजित किया गया। दोपहर करीब 2 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में नन्हे कलाकारों ने एक के बाद एक रंगारंग नृत्य प्रस्तुतियां देकर पूरे स्टेशन को उत्सव स्थल में बदल दिया। फिल्मी गीतों पर बच्चों की ऊर्जा, तालमेल और आत्मविश्वास से भरपूर नृत्य ने वहां मौजूद यात्रियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कई यात्री अपने सफर के दौरान रुककर बच्चों की प्रस्तुतियां देखने लगे और तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
नृत्य प्रस्तुतियों के बाद संगीत कार्यक्रम की श्रृंखला शुरू हुई, जिसमें युवा कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज़ से समां बांध दिया। मधुर गीतों की प्रस्तुति से मेट्रो स्टेशन का वातावरण और भी जीवंत हो उठा। अचानक मिले इस सांस्कृतिक अनुभव ने यात्रियों की थकान को पलभर में दूर कर दिया और उनका सफर एक यादगार अनुभव में बदल गया।

कार्यक्रम के दौरान मेट्रो स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाशाली बच्चों को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि आमजन के जीवन में भी सकारात्मक ऊर्जा और आनंद भरते हैं। कई यात्रियों ने बच्चों के साथ तस्वीरें और वीडियो भी बनाए।

उल्लेखनीय है कि कानपुर मेट्रो द्वारा नवोदित कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के उद्देश्य से ‘शो योर टैलेंट’ पहल की शुरुआत की गई है। इस मंच के माध्यम से नृत्य, संगीत, कविता, गायन और अन्य सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में शामिल कलाकारों और आयोजकों का कहना है कि कानपुर मेट्रो आज केवल एक परिवहन सेवा नहीं, बल्कि साहित्य, संस्कृति और कला को बढ़ावा देने वाला सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। इस तरह के आयोजन शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के समापन पर यात्रियों और कलाकारों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन कुछ समय के लिए ही सही, लेकिन संगीत, नृत्य और तालियों की गूंज के साथ संस्कृति का जीवंत केंद्र बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद