कानपुर— मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि जीवन में सफलता पाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है। वे रामपुर नरुवा स्थित अटल आवासीय विद्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन भी उपस्थित रहीं। मंडलायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि छात्र जीवन में एकाग्रता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को घर की याद और भावनात्मक कमजोरियों से ऊपर उठकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी। अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि बड़ी से बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मजबूत बुनियाद, नियमित अध्ययन और निरंतर अभ्यास से ही हासिल की जा सकती है। उन्होंने आवासीय विद्यालय के वातावरण को एक बड़ा अवसर बताते हुए समय प्रबंधन और अनुशासन को अपनाने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि फाउंडेशन स्तर से मिल रहा यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए एक व्यवस्थित और संरचित आधार प्रदान कर रहा है। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अवधारणात्मक स्पष्टता और नियमित मूल्यांकन को सफलता की प्रमुख कुंजी बताया। उनका कहना था कि सही दिशा में प्रारंभिक तैयारी ही भविष्य में बड़े परिणाम दिलाती है।
विद्यालय में कक्षा 8, 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए आईआईटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु फाउंडेशन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इन कक्षाओं का संचालन मैथ आईआईटी, त्रिवेंद्रम के सहयोग से किया जा रहा है, जिससे लगभग 330 विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। इस पहल के माध्यम से छात्रों को प्रारंभिक स्तर से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की संरचना, पाठ्यक्रम और अभ्यास आधारित तैयारी का मार्गदर्शन मिल रहा है। मैथ आईआईटी के प्रबंध निदेशक अजीत दुबे ने छात्रों को परीक्षा तैयारी से जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी और नियमित अभ्यास के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और सही रणनीति से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।उल्लेखनीय है कि अटल आवासीय विद्यालय में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को आवासीय सुविधा के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है। फाउंडेशन कक्षाओं के संचालन से इन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की दिशा में मजबूत शैक्षणिक आधार मिल रहा है।
कार्यक्रम में एनयूपीपीएल के सीईओ एस. दुरई कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य एस.के. पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी एस.के. सिंह ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन आर. शुक्ला द्वारा किया गया।