कानपुर— पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देशन में अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किदवई नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में गांजा तस्करी में संलिप्त कुख्यात महिला अपराधी ‘बेबी’ को गिरफ्तार कर उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई साकेत नगर चौकी प्रभारी अजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंजड़न पुरवा, साकेत नगर की रहने वाली बेबी अवैध रूप से गांजा बेचने का काम कर रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर अभियुक्ता को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 1459 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में अच्छी-खासी कीमत बताई जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अंकुर मलिक, उपेंद्र विक्रम, महिला उपनिरीक्षक देवकी और महिला कांस्टेबल संजू शामिल रहीं, जिन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए महिला तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़ी गई अभियुक्ता क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के लिए कुख्यात है और स्थानीय स्तर पर उसे ‘लेडी डॉन’ के नाम से जाना जाता है।पुलिस ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब बेबी कानून के शिकंजे में आई हो। इससे पूर्व वर्ष 2025 में भी वह एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुकी है। जेल से छूटने के बाद उसने दोबारा मादक पदार्थों की बिक्री शुरू कर दी थी, जिस पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए थी।थाना किदवई नगर पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियानों को आगे भी सख्ती से जारी रखा जाएगा।