केडीए का बुलडोजर चला, 16 बीघा अवैध प्लाटिंग ध्वस्त

कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। उपाध्यक्ष मदन सिंह गब्र्याल के निर्देशन में प्रवर्तन (जोन-1बी) की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गंगा बैराज और आजाद नगर क्षेत्र में लगभग 16 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
यह कार्रवाई विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें दो प्रमुख अवैध साइटों को चिन्हित कर बुलडोजर चलाया गया। पहली कार्रवाई ग्राम ख्यौरा कटरी क्षेत्र में गंगा बैराज से मंधना मोड़ की ओर की गई, जहां राहुल, रोहित एवं अन्य द्वारा करीब 7.5 बीघा क्षेत्र में बिना किसी अनुमति के प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। दूसरी कार्रवाई ग्राम ज्यौरा आजाद नगर क्षेत्र में गंगा बैराज से सिंहपुर रोड पर की गई, जहां महेश, कौशल, दीप चंद्र व अन्य द्वारा लगभग 8.5 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी बसाई जा रही थी।
केडीए की प्रवर्तन टीम ने इन दोनों स्थलों पर बने एंट्री गेट, आंतरिक सड़कें, नाले, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे और निर्माणाधीन भवनों को 03 जेसीबी मशीनों की सहायता से जमींदोज कर दिया। अधिकारियों के अनुसार, इन भूखंडों का न तो ले-आउट मानचित्र केडीए से स्वीकृत कराया गया था और न ही किसी प्रकार की विकास अनुमति ली गई थी, इसके बावजूद अवैध रूप से प्लॉट काटकर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान अवर अभियंता हिमांशु बर्नवाल, सुपरवाइजरों की टीम और थाना बिठूर का पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा और अवैध प्लाटिंग करने वालों में खलबली दिखाई दी।
केडीए प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नवाबगंज, कल्याणपुर और बिठूर क्षेत्र में लगभग 08 बीघा और अवैध निर्माणों को पहले ही चिन्हित कर लिया गया है, जिनके खिलाफ शीघ्र ही सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले केडीए कार्यालय से संबंधित ले-आउट और स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराना या अवैध कॉलोनियों में निवेश करना भविष्य में भारी आर्थिक और मानसिक परेशानी का कारण बन सकता है।
केडीए की इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश है कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद