फैक्ट्री कर्मी के घर लाखों की चोरी, सीसीटीवी में संदिग्ध कैद

कानपुर।
बर्रा थाना क्षेत्र में चोरों ने फैक्ट्री कर्मी के बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था और छठी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था। गुरुवार सुबह जब गृहस्वामी घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला, जबकि अंदर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था।
बर्रा गांव निवासी रोशन सविता दादा नगर स्थित एक होजरी फैक्ट्री में कार्यरत हैं। उनके परिवार में पत्नी मिथिला, बेटे साजन और राज, बहू शीतल तथा बेटी जान्हवी हैं। रोशन के अनुसार 3 फरवरी को उनके बड़े भाई कमलेश के नाती का छठी समारोह था, जिसमें शामिल होने के लिए वह पूरे परिवार के साथ पतरसा गए थे। देर रात होने के कारण सभी लोग बड़े भाई के घर ही रुक गए थे, जबकि बहू शीतल उस समय बांदा के अतर्रा स्थित अपने मायके में थी।
अगले दिन बेटा साजन सुबह घर पहुंचा और बहू को विदा कराने के लिए बांदा चला गया। बुधवार को रोशन बड़े भाई के घर से ही नाइट ड्यूटी के लिए फैक्ट्री चले गए थे। गुरुवार सुबह जब वह पत्नी और बच्चों के साथ अपने घर लौटे तो मेनगेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा था और उसमें रखे कीमती जेवर गायब थे।
पीड़ित के अनुसार, बड़े बेटे की शादी 24 फरवरी 2024 को हुई थी। शादी के दौरान खरीदे गए पत्नी और बहू के सोने के गहने—सोने की चेन, हार सेट, नथुनी, झुमकी, कमरबंद, पायल, 4-5 जोड़ी तोड़ियां, सोने की माला—साथ ही बेटे की सोने की चेन और अंगूठी सहित करीब 10 लाख रुपये मूल्य के जेवरात चोर ले गए।
सूचना मिलने पर बर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में एक साइकिल सवार संदिग्ध गली में आते-जाते हुए दिखाई दिया है। बर्रा थाना प्रभारी रविंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी में एक संदिग्ध व्यक्ति घर के आसपास घूमता और कुछ देर बाद बाहर निकलता हुआ कैद हुआ है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद