विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी

कानपुर।
रावतपुर क्षेत्र में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 2.70 लाख रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित द्वारा न्यायालय में वाद दाखिल किए जाने के बाद 114 दिन बाद रावतपुर पुलिस ने एक निजी प्लेसमेंट फर्म से जुड़े दो महिलाओं समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।नवीन नगर निवासी अहमद असद ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दी गई अर्जी में बताया कि रावतपुर स्थित एक निजी प्लेसमेंट फर्म से जुड़े अक्षय कुमार ने उन्हें यूरोप के लक्जमबर्ग में ऑडिटोरियल ग्राफिक डिजाइनर के पद पर नौकरी दिलाने का प्रस्ताव दिया था। पीड़ित के अनुसार 18 जून 2024 को उसे नौकरी से संबंधित एक ऑफर लेटर भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वह उनके झांसे में आ गया।
आरोप है कि इसके बाद फर्म से जुड़े राहुल शर्मा, अक्षय कुमार, दुर्गेश कुमार, प्रियंका, रमन, विजिंदर सिंह ग्रेवाल, रोहन शर्मा, अमन, राजवीर सिंह और दीपिका पुरी ने मिलकर उससे विभिन्न मदों में रुपये मांगने शुरू कर दिए। शुरुआत में वीजा और अन्य प्रक्रिया के नाम पर 40 हजार रुपये मांगे गए, लेकिन बाद में नियुक्ति से संबंधित कथित फर्जी दस्तावेज दिखाकर उससे कुल 2 लाख 70 हजार रुपये वसूल लिए गए। पीड़ित का आरोप है कि जब उसे पूरे मामले की सच्चाई का पता चला और उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने बताया कि उसने 9 अक्टूबर को थाने और पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस से निराश होकर पीड़ित ने अंततः न्यायालय की शरण ली, जहां से आदेश मिलने के बाद रावतपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इस संबंध में डीसीपी पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद