कानपुर।
कानपुर मेट्रो अब केवल सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन का माध्यम ही नहीं, बल्कि साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देने वाला सशक्त मंच भी बनता जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन पर पार्वती विश्वनाथ साहित्य संगठन के सहयोग से काव्य पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कानपुर सहित आसपास के जनपदों से आए युवा एवं वरिष्ठ कवियों ने अपनी रचनाओं से मेट्रो परिसर को साहित्यिक रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर लगभग 12 बजे हुआ। एक के बाद एक कवियों की प्रस्तुतियों ने यात्रियों और श्रोताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। कवयित्री सीमा सक्सेना ने अपनी चर्चित कविता “आजकल बेड़ियां तोड़ती बेटियां” के माध्यम से नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा। उन्नाव से आए कवि नरेंद्र कुमार ओसियां की मार्मिक पंक्तियां “जब तक मां जिंदा है सेवा कर लो, वरना घर से जन्नत चली जाएगी” सुनकर श्रोतागण भावुक हो उठे।
पार्वती विश्वनाथ साहित्य संगठन के अध्यक्ष कुमार सर्वेश ने अपनी कविता “प्यार में पड़ते देखा है” का भावपूर्ण पाठ कर माहौल को और भी संवेदनशील बना दिया। कवि शैलेन्द्र ने बसंत ऋतु को समर्पित कविता “अबकी मन भी खिल उठा है वसंत के बहार में” प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। युवा कवि आशुतोष अवस्थी ने “आधुनिकता में बस, मन मन से जलता है” कविता के माध्यम से वर्तमान सामाजिक यथार्थ को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
इसके अतिरिक्त शिखा मिश्रा, हर्षित शर्मा, शालू यादव, सलोनी पटेल, निखिल श्रीवास्तव, आशीष द्विवेदी, अर्जेंट सिंह, अभिषेक बाजपेई, शालिनी सिंह, मोहित उपाध्याय और आनंद ठाकुर सहित अनेक कवियों ने अपनी रचनाओं से काव्य गोष्ठी को यादगार बना दिया। काव्य पाठ के पश्चात रोमी शर्मा ने अपनी मधुर आवाज में संगीत प्रस्तुति दी, जिसे यात्रियों ने खूब सराहा। वहीं नन्ही कलाकार रीयांशी कनौजिया ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुति से दर्शकों से भरपूर तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों और यात्रियों ने कानपुर मेट्रो की “शो योर टैलेंट” पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह मंच युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहा है। इस पहल के अंतर्गत मेट्रो स्टेशनों पर कविता, संगीत, बैंड, नृत्य, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न कलाओं की प्रस्तुतियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे नवोदित कलाकारों की रचनात्मकता को नया आयाम मिल रहा है।
कानपुर मेट्रो द्वारा कानपुर सेंट्रल मेट्रो स्टेशन पर काव्य पाठ का भव्य आयोजन