कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक हब रानियां में आयकर विभाग (आईटी) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रसिद्ध नमकीन निर्माता कंपनी मोरैनो नमकीन (Moreno Namkeen) के ठिकानों पर छापेमारी की है। कर चोरी की गंभीर आशंका को लेकर शुरू की गई यह कार्रवाई पिछले 20 घंटों से लगातार जारी है, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने गुरुवार देर शाम पूरी गोपनीयता के साथ मोरैनो नमकीन की फैक्ट्रियों पर एक साथ छापा मारा। कार्रवाई इतनी गुप्त रखी गई कि स्थानीय पुलिस को भी बाद में इसकी जानकारी दी गई। छापेमारी के दौरान टीम ने कंपनी के मालिक नितिन सोनी और दिनेश लाल से जुड़ी तीन अलग-अलग फैक्ट्रियों को अपने घेरे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग की टीम ने कंपनी के मुख्य कर्ता-धर्ता नितिन सोनी को हिरासत में लेकर फैक्ट्री परिसर के भीतर ही पूछताछ शुरू की। देर रात तक चली इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फैक्ट्रियों के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए गए हैं और किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
छापेमारी के दौरान आयकर अधिकारियों ने वित्तीय अनियमितताओं की आशंका में कई महत्वपूर्ण साक्ष्य अपने कब्जे में लिए हैं। जब्त किए गए साक्ष्यों में पिछले कई वर्षों के कच्चे-पक्के लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेज और बही-खाते शामिल बताए जा रहे हैं। इसके साथ ही कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
आयकर विभाग की टीम कंपनी के विभिन्न बैंक खातों से हुए बड़े वित्तीय लेन-देन की भी गहनता से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि विभाग को लंबे समय से इस कंपनी के खिलाफ इनपुट मिल रहे थे कि इसके वास्तविक टर्नओवर और आयकर रिटर्न में घोषित आय के बीच भारी अंतर है। इसी आधार पर विभाग ने यह कार्रवाई की है।
आयकर विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि फिलहाल जांच प्रारंभिक चरण में है, लेकिन अब तक मिले दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी की ओर इशारा कर सकते हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक छापेमारी की प्रक्रिया जारी थी और आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद रानियां औद्योगिक क्षेत्र में अन्य उद्योगपतियों में भी हलचल देखी जा रही है। जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में जांच के दायरे में और भी नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल सभी की नजरें आयकर विभाग की जांच रिपोर्ट और आधिकारिक खुलासे पर टिकी हुई हैं।
रानियां में मोरैनो नमकीन पर आयकर विभाग की छापेमारी