कर्नलगंज पुलिस ने किया बड़ा भंडाफोड़, तीन शातिर गिरफ्तार
कानपुर।
शहर के व्यस्त इलाके में अवैध हथियारों की फैक्ट्री संचालित होने की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। थाना कर्नलगंज पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रश फैक्ट्री के खंडहर में चल रही अवैध तमंचा निर्माण यूनिट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में बने-अधबने तमंचे और हथियार बनाने के आधुनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह अवैध हथियार फैक्ट्री थाना कर्नलगंज क्षेत्र के अंतर्गत बस अड्डा चौकी के पास, केसा के सामने स्थित एक पुरानी ब्रश फैक्ट्री के खंडहर में संचालित हो रही थी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विनीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी, जहां हथियारों का निर्माण धड़ल्ले से किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 7 तैयार तमंचे, 3 अर्धनिर्मित तमंचे, विभिन्न बोर की नालें व कारतूस, इलेक्ट्रिक वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, हाथ वाली ड्रिल, कटर, लोहे की निहायी, बाक, रेती, 42 स्प्रिंग, ट्रिगर, ड्रिल बिट, भट्टी, पंखा, इमरजेंसी लाइट सहित दर्जनों औजार बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह पूरी यूनिट हथियार निर्माण के लिए तैयार की गई थी।
पुलिस ने मौके से देशराज, मोहम्मद आकिब और चांदबाबू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि अभियुक्त देशराज और मोहम्मद आकिब शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजा जा रहा है।
इस सफल अभियान में कर्नलगंज प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार, उप निरीक्षक रिंकू कुमार, सुरेश चंद्र, दिनेश मौर्य, अवनीश पांडेय तथा सर्विलांस सेल प्रभारी लोकेंद्र सिंह के साथ उनकी टीम के सदस्य विनय कुमार, लवकुश मिश्रा, धर्मेंद्र तिवारी आदि की अहम भूमिका रही।
पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस बड़ी सफलता के लिए टीम की सराहना करते हुए पीठ थपथपाई है। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जांच की जा रही है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।
शहर के बीचों-बीच चल रही थी ‘मौत’ बनाने की फैक्ट्री