पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पहचान में जुटी जांच टीम
कानपुर। पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकी मंदिर चौकी इलाके में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक अज्ञात युवक का शव एकांत स्थान पर पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गई, जिससे देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन की पुलिस और पनकी मंदिर चौकी प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस द्वारा आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन प्राथमिक स्तर पर युवक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की उम्र और पहचान को लेकर फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पनकी थाना पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस का कहना है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक वहां तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों से भी शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
पनकी मंदिर चौकी क्षेत्र में अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप,