स्वर्गीय गोपी कृष्ण ओमर की प्रथम पुण्यतिथि पर रक्तदान व महाप्रसाद आयोजन
कानपुर। फूलबाग स्थित पंडित दीनदयाल वाटिका में गुरुवार को श्री रामलला मंदिर की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर भव्य ‘राम उत्सव’ का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ किया गया। श्री रामनवमी महोत्सव समिति (शिवाला) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सामाजिक सेवा के कार्यों ने भी आयोजन को विशेष बना दिया।
उत्सव की शुरुआत श्री रामलला के चित्र को फूलों से भव्य रूप से सजाकर की गई। इसके पश्चात एमएलसी सलिल विश्नोई एवं विजय गुप्ता ने विधिवत आरती उतारकर प्रभु को भोग अर्पित किया। इस दौरान पूरा वातावरण ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
राम उत्सव के साथ ही दीनदयाल वाटिका के संस्थापक स्वर्गीय गोपी कृष्ण ओमर की प्रथम पुण्यतिथि भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा स्वर्गीय गोपी कृष्ण ओमर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। शिविर में कुल 24 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसे आयोजकों ने समाज सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया। रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
शाम तक चले कार्यक्रम के अंत में सार्वजनिक महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। महाप्रसाद में मटर, गोभी, टमाटर, पनीर और गाजर से बनी विशेष तहरी परोसी गई, जिसे श्रद्धालुओं ने प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी, विधायक/एमएलसी सलिल विश्नोई, समिति अध्यक्ष आकाश ओमर, मुकुंद मिश्र, सुनील बजाज, विजय गुप्ता ‘गौरे’, भूपेंद्र गर्ग, बलराम ओमर, देवा ओमर, संजय गुप्ता, योगेश पांडे, रमाशंकर अग्रहरि सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि राम उत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा सके।
फूलबाग में श्री रामलला मंदिर की द्वितीय वर्षगांठ पर भव्य ‘राम उत्सव’,