कानपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आज 23 जनवरी को पूरे जनपद में सुरक्षा तैयारियों को परखने के उद्देश्य से एक विशेष ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभ्यास के तहत आज शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक शहर के कई इलाकों में सायरन बजेगा और 30 मिनट के लिए पूर्ण ब्लैकआउट रहेगा।
प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार, शाम ठीक 06:00 बजे सायरन की लगातार आवाज हवाई हमले की चेतावनी का संकेत होगी। सायरन बजते ही नागरिकों को अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद करनी होंगी। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। शाम 06:30 बजे दोबारा सायरन बजने पर खतरा समाप्त होने का संकेत दिया जाएगा, जिसके बाद सामान्य गतिविधियां शुरू हो सकेंगी।मॉक ड्रिल को प्रभावी बनाने के लिए शहर के कई घनी आबादी और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आधे घंटे के लिए बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रखी जाएगी। इनमें कर्नलगंज, ग्वालटोली, नई सड़क, साइकिल मार्केट, यतीमखाना, बेकनगंज, तलाक महल, परेड और पीपीएन मार्केट प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्रशासन ने पहले से ही इन क्षेत्रों के नागरिकों और व्यापारियों को सूचना देकर सहयोग की अपील की है।
ब्लैकआउट मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर एडीएम सिटी की अध्यक्षता में नागरिक सुरक्षा, एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर फायर टेंडर, फायर एक्सटिंग्विशर और आपातकालीन संसाधन तैनात किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। मॉक ड्रिल के दौरान यदि किसी घायल होने का अभ्यास किया जाता है, तो उसे तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। एंबुलेंस सेवाएं और मेडिकल टीमें मौके पर तैनात रहेंगी।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक मॉक ड्रिल यानी अभ्यास है, जिसका उद्देश्य भविष्य में किसी भी आपात स्थिति, आपदा या सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए प्रशासनिक तंत्र और आम नागरिकों की तैयारियों को परखना और मजबूत करना है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि यह अभ्यास जनसुरक्षा को लेकर प्रशासन की सतर्कता और तैयारियों का हिस्सा है। सभी नागरिक निर्धारित समय पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद कर इस सुरक्षा अभियान में सहभागी बनें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
कल शाम 6 बजे बजेगा सायरन, 30 मिनट के लिए थमेगी बिजली—कानपुर में होगा ब्लैकआउट मॉक ड्रिल