5-डे बैंकिंग की मांग को लेकर 22 जनवरी को कानपुर की सड़कों पर उतरेंगे बैंककर्मी

बड़ा चौराहा से फूलबाग तक निकलेगी विशाल रैली, 27 जनवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को धार देने की तैयारी
कानपुर।
बैंकिंग क्षेत्र में ‘5-डे बैंकिंग’ (पांच दिवसीय कार्य सप्ताह) लागू किए जाने की मांग को लेकर बैंककर्मियों का आंदोलन अब तेज होता नजर आ रहा है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर अपनी मांगों के समर्थन में और आगामी 27 जनवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के उद्देश्य से कानपुर के बैंककर्मी 22 जनवरी को एक विशाल रैली निकालेंगे।
यह रैली इंडियन बैंक, बड़ा चौराहा से प्रारंभ होकर बैंक ऑफ इंडिया, फूलबाग तक जाएगी, जिसमें शहर के विभिन्न बैंकों के सैकड़ों कर्मचारी शामिल होंगे। रैली के माध्यम से बैंककर्मी सरकार और बैंक प्रबंधन का ध्यान अपनी प्रमुख मांगों की ओर आकर्षित करेंगे।
रैली और हड़ताल की तैयारियों को लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा की सिविल लाइंस शाखा में यूपी बैंक एम्पलाइज यूनियन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के मंत्री रजनीश गुप्ता एवं संयुक्त मंत्री अंकुर द्विवेदी ने कहा कि बैंककर्मी लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बैंकिंग व्यवस्था में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश की व्यवस्था लागू है, उसी तर्ज पर पहले और तीसरे शनिवार को भी अवकाश घोषित किया जाना चाहिए, जिससे बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह सुनिश्चित हो सके। यूनियन नेताओं ने यह भी कहा कि बैंकिंग उद्योग पर कार्यभार लगातार बढ़ता जा रहा है और कर्मचारियों पर मानसिक व शारीरिक दबाव भी लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में 5-डे बैंकिंग अब आवश्यकता बन चुकी है।
यूनियन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 22 जनवरी की रैली केवल आंदोलन की शुरुआत है। यदि सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंककर्मियों की मांगों पर सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो 27 जनवरी को देशभर के बैंककर्मी राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगे, जिससे बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो सकती हैं।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में रैली और हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया और आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
इस रणनीतिक बैठक में प्रमुख रूप से मनोज तिवारी, अंशुमान तिवारी, स्वाति सिंह, अनिल सोनकर, नितिन शर्मा, सुनील शुक्ला, के.एम. शुक्ला, अंकित अवस्थी, अरविंद द्विवेदी, रोशूल सचान, शिवम निगम, धर्मराज, अनुराग सिंह, रामेंद्र सहाय, पुष्कर मिश्रा, पंधारी लाल वर्मा, शोभित शुक्ला, सतीश कुमार, सत्येंद्र सक्सेना, लालचंद, अमरीश मिश्रा, मोहित केसरवानी, आकाश श्रीवास्तव, स्वप्निल त्रिपाठी, आशुतोष दीक्षित, विनय गोयनका, राजेश गुप्ता एवं पंकज शर्मा सहित बड़ी संख्या में बैंककर्मी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद