पेपर शुरू होने में देरी से भड़के अभ्यर्थी, एमजीए कॉलेज में जमकर हंगामा

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित एमजीए कॉलेज में मंगलवार को दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुबह की पाली का पेपर तय समय पर शुरू नहीं हो सका। दूर-दराज से परीक्षा देने आए सैकड़ों अभ्यर्थियों ने केंद्र प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और हंगामा खड़ा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा की सुबह की शिफ्ट का समय शुरू होने के काफी देर बाद तक भी कंप्यूटर स्क्रीन पर प्रश्नपत्र डिस्प्ले नहीं हुआ। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए थे, लेकिन घंटों इंतजार के बावजूद पेपर शुरू नहीं कराया गया। केंद्र प्रबंधन की ओर से तकनीकी खामी और सर्वर में समस्या होने की बात कही गई, मगर बार-बार आश्वासन मिलने के बाद भी जब स्थिति सामान्य नहीं हुई तो छात्रों का सब्र जवाब दे गया।
बताया जा रहा है कि नाराज अभ्यर्थियों ने पहले केंद्र के बाहर नारेबाजी की, इसके बाद कुछ छात्र मेन गेट तोड़कर अंदर घुस गए। हंगामे के दौरान सर्वर रूम में भी तोड़फोड़ किए जाने की सूचना है। छात्रों का आरोप है कि अंदर कुछ कमरों में परीक्षा कराई जा रही थी, जबकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को बाहर इंतजार कराया गया, जिससे असमानता और अव्यवस्था फैल गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए अभ्यर्थियों को शांत कराने का प्रयास किया और केंद्र व्यवस्थापकों से बातचीत कर समस्या के समाधान की कोशिश शुरू की। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद परीक्षा केंद्र पर काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
खबर लिखे जाने तक सुबह की पाली की परीक्षा शुरू नहीं हो सकी थी। अभ्यर्थी परीक्षा कराने या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग पर अड़े हुए थे। वहीं, प्रशासन की ओर से तकनीकी समस्या दूर कर परीक्षा सुचारु रूप से कराने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद परीक्षा व्यवस्था और केंद्र प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद