कानपुर—राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के 19वें दिन परिवहन कार्यालय के सारथी भवन गेट पर आरआई आकांक्षा सिंह द्वारा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य शिविर का शुभारम्भ आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव एवं एआरटीओ मान्वेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। इस शिविर में आवेदकों एवं चालकों सहित कुल 160 लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विशेष रूप से लंबी दूरी तय करने वाले चालकों एवं परिवहन कार्यालय आए आवेदकों ने शिविर का लाभ उठाया।स्वास्थ्य जांच नोबल हॉस्पिटल एवं लाला लाजपत राय चिकित्सालय के आर्थोपैडिक चिकित्सक डॉ. रवि गर्ग एवं उनकी टीम द्वारा की गई। जांच के दौरान मुख्य रूप से ब्लड प्रेशर, शुगर एवं आंखों की जांच की गई, ताकि चालकों को अपने स्वास्थ्य की सही जानकारी मिल सके।इस अवसर पर आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने जांच कराने आए चालकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लंबी दूरी तय करने वाले चालकों पर बड़ी जिम्मेदारी होती है, इसलिए उनका स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने परिवहन कार्यालय आए आवेदकों से भी समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने का आग्रह किया।स्वास्थ्य शिविर के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाया।
सड़क सुरक्षा माह में परिवहन विभाग ने लगाया स्वास्थ्य शिविर