कानपुर—अपर पुलिस महानिदेशक पीएसी मुख्यालय लखनऊ आर.के. स्वर्णकार ने मंगलवार को 37वीं वाहिनी पीएसी, कानपुर का भ्रमण कर वार्षिक एवं सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वाहिनी की सुरक्षा व्यवस्था, संसाधनों एवं नवनिर्मित प्रतिष्ठानों का विस्तृत जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वाहिनी आगमन पर सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने एडीजी आर.के. स्वर्णकार का पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके पश्चात गार्ड ऑफ ऑनर की औपचारिकताएं पूरी की गईं। निरीक्षण के क्रम में एडीजी ने 37वीं वाहिनी में व्यवस्थापित एसडीआरएफ की एक प्लाटून के पास उपलब्ध आधुनिक उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने आपदा राहत एवं बचाव कार्यों में प्रयुक्त होने वाले प्रत्येक उपकरण की कार्यक्षमता के संबंध में बारीकी से जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी उपकरणों का रख-रखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
एडीजी ने वाहिनी परिसर में निर्मित नए गेस्ट हाउस एवं बारात घर का भी निरीक्षण किया। बारात घर के पीछे खुली बाउंड्री वॉल एवं अन्य प्रतिष्ठानों की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए उन्होंने उसे शीघ्र दुरुस्त कराने के साथ-साथ परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से आरटीसी प्रभारी मनोज कुमार श्रीवास्तव, दलनायक अमित भार्गव, सूबेदार सैन्य सहायक सुरेंद्र सिंह, प्रभारी दलनायक (एच दल) धर्मेंद्र प्रताप सिंह, हेड क्लर्क विनीत त्रिपाठी, प्रभारी शिविरपाल रवेंद्र सिंह चौधरी एवं मीडिया सेल प्रभारी पीसी रामेंद्र सिंह सहित वाहिनी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अंत में एडीजी आर.के. स्वर्णकार ने वाहिनी के अनुशासन, प्रबंधन एवं कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया और भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
एडीजी पीएसी आर.के. स्वर्णकार ने किया 37वीं वाहिनी का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परख दिए निर्देश