अभद्र टिप्पणी पर भाजपा का पलटवार, एमपी सीएम बोले—कांग्रेस की मानसिकता उजागर

कानपुर।
मध्य प्रदेश के एक कांग्रेस विधायक द्वारा महिलाओं को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला है। रविवार को कानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस तरह के बयान कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाते हैं और राहुल गांधी को इस विषय पर पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।
दरअसल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं एमएसएमई मंत्री राकेश सचान की बेटी राशी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए रविवार दोपहर करीब 3:15 बजे कानपुर पहुंचे थे। उनके आगमन पर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) परिसर में बने हेलीपैड पर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कानपुर मेयर प्रमिला पांडेय, विधायक सुरेंद्र मैथानी, सांसद रमेश अवस्थी सहित कई भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित महान स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। जब वह विवाह समारोह में शामिल होने के लिए रवाना होने वाले थे, उसी दौरान पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का काफिला भी सीएसए परिसर पहुंचा। पूर्व राष्ट्रपति के आगमन की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनसे मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि वह कानपुर में मंत्री राकेश सचान की बेटी के विवाह समारोह में शामिल होने आए हैं। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे प्रदेश निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है।
जब मुख्यमंत्री मोहन यादव से मध्य प्रदेश के एक कांग्रेस विधायक द्वारा महिलाओं को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की यही मानसिकता रही है, जिसके चलते वे हमेशा मातृशक्ति का अपमान करते हैं। उन्होंने कहा कि यह बयान बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पूरे प्रकरण पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आगे आकर देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस तरह के बयानों की घोर निंदा करती है और महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर किसी भी तरह की असंवेदनशीलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे बयान देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और कांग्रेस तथा भाजपा के बीच इस मुद्दे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद