NH-44 पर कैलगुवां ओवरब्रिज की एक लेन पूर्ण, दो दिनों में शुरू होगा यातायात

कार्य की प्रगति का निरीक्षण करते अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि
जनपद को दो दिनों में मिलेगी बड़ी सौगात, NH-44 पर कैलगुवां ओवरब्रिज की एक लेन का कार्य पूर्ण : मंडलायुक्त
मंडलायुक्त ने राज्यमंत्री, सदर विधायक व जिलाधिकारी के साथ किया कैलगुवां ओवरब्रिज का स्थलीय निरीक्षण
शीघ्र ही आमजन के लिए शुरू होगा ओवरब्रिज, जाम की समस्या से मिलेगी स्थायी राहत
ललितपुर।
आमजन की सुविधा, यातायात सुरक्षा तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झांसी मंडल के मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने शुक्रवार को प्रदेश के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) झांसी द्वारा NH-44 पर कैलगुवां रोड स्थित निर्माणाधीन ओवरब्रिज का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का गहनता से जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज की एक लेन का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा आगामी दो से तीन दिनों में इसे यातायात के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
मंडलायुक्त ने कहा कि उन्होंने अपने पूर्व निरीक्षण के दौरान ललितपुर की जनता से 15 जनवरी तक ओवरब्रिज के संचालन का वादा किया था, जिसे आज पूरा किया गया है। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देशित किया था कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए 24×7 कार्य प्रणाली अपनाई जाए। इसके परिणामस्वरूप आज ओवरब्रिज अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जनप्रतिनिधियों के सतत प्रयासों एवं एनएचएआई अधिकारियों की दिन-रात की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना ललितपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही ओवरब्रिज पूरी तरह तैयार होकर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने कहा कि यह ओवरब्रिज लंबे समय से अधूरा पड़ा था, जिससे जिले में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही थी। जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य को तय समय में पूरा किया जाए। अधिकारियों की मेहनत और प्रशासन की सख्ती का ही परिणाम है कि आज ओवरब्रिज लगभग बनकर तैयार है।
सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि ओवरब्रिज की धीमी प्रगति को लेकर पहले भी मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी के साथ निरीक्षण किया गया था तथा संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी गई थी। उसी का परिणाम है कि अब शीघ्र ही इस ओवरब्रिज पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कैलगुवां ओवरब्रिज और शहजाद नदी पुल के चालू हो जाने से ललितपुर में जाम की समस्या लगभग समाप्त हो जाएगी।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि ओवरब्रिज की एक लेन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और आगामी दो से तीन दिनों में इसे ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। दूसरी लेन का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है, जिसे जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सफलता जनप्रतिनिधियों एवं मंडलायुक्त के विशेष प्रयासों से संभव हो सकी है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार सहित एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद